Headlines

24 अक्टूबर को काशीपुर पहुंचेगी उत्तराखंड न्याय यात्रा, कांग्रेस ने तैयारियों को लेकर की बैठक

महिला अपराध, महंगाई, भ्रष्टाचार, भर्ती घोटालों और बिगड़ती कानून व्यवस्था समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ उठाएगी आवाज

काशीपुर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेशभर में निकाली जा रही उत्तराखंड न्याय यात्रा आगामी 24 अक्टूबर को काशीपुर पहुंचेगी। यात्रा की सफलता सुनिश्चित करने के लिए काशीपुर महानगर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में गौड़ सभा, डॉक्टर लाइन, काशीपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा को सफल बनाने के लिए आवश्यक रणनीति पर चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।

कांग्रेस की ओर से आयोजित इस न्याय यात्रा के माध्यम से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के साथ महिला अपराध, बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, मंदिरों में चढ़ावे की चोरी, पलायन, बिगड़ती कानून व्यवस्था, लचर स्वास्थ्य सेवाओं, भर्ती घोटालों और अग्निवीर योजना सहित विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। कांग्रेस ने भाजपा सरकारों की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए इन मुद्दों पर जनता के बीच आवाज बुलंद करने की बात कही है।

बैठक में उपस्थित कांग्रेसजनों ने न्याय यात्रा को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे यात्रा के उद्देश्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाएं।

इस अवसर पर अलका पाल, महानगर जिला अध्यक्ष, कांग्रेस कमेटी, काशीपुर (उत्तराखंड) सहित कांग्रेस के सम्मानित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में न्याय यात्रा की तैयारियों को लेकर चर्चा करते हुए इसे जनसमस्याओं को उठाने और जनता की आवाज बुलंद करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया गया।

24 अक्टूबर को काशीपुर पहुंचने वाली उत्तराखंड न्याय यात्रा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में तैयारियां तेज हो गई हैं। पार्टी का उद्देश्य विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना और जनता के मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाना है।