काशीपुर, 24 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री मतीन अहमद सिद्दीकी, प्रदेश प्रभारी श्रीमती सोनम बगवाड़ी तथा पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय प्रवक्ता नदीम अख्तर के स्वागत में शनिवार को काशीपुर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारियों, नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन की मजबूती, आपसी एकजुटता, पार्टी अनुशासन और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्री मतीन अहमद सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जनता के हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने और संगठन को मजबूत बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना चाहिए तथा आपसी मतभेदों को दूर कर संगठनात्मक मजबूती को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि समाजवादी पार्टी उत्तराखंड में अपनी राजनीतिक उपस्थिति को और मजबूत करेगी।
प्रदेश प्रभारी श्री सोनम बग़वाड़ी ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल एक राजनीतिक विचारधारा ही नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और जनहित के लिए संघर्ष करने वाला आंदोलन है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पार्टी तीसरे विकल्प के रूप में अपनी मजबूत चुनौती पेश करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इंडिया गठबंधन के तहत चुनावी गठबंधन होता है, तो पार्टी सहयोगी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी। यदि गठबंधन नहीं होता है, तो समाजवादी पार्टी अपने दम पर पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नदीम अख्तर ने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल अनुशासन और एकजुटता के बिना आगे नहीं बढ़ सकता। पार्टी की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अनुशासन में रहकर जनता के मुद्दों पर संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और सामाजिक सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत करने की है। जब सभी वर्ग एकजुट होकर जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ेंगे और आम लोगों की आवाज उठाएंगे, तभी उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होगा।
नदीम अख्तर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी आगामी चुनाव में मजबूत दावेदारी पेश करेगी। वहीं, उत्तराखंड में भी पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेगी और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।
कार्यक्रम के दौरान अन्य पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी सभा को संबोधित किया तथा संगठन को मजबूत करने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर संघर्ष करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष ओशन सिंह, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष बदरूल दूजा, जावेद अहमद सिद्दीकी, माननीय सांसद डिंपल यादव जी के चाचा डॉ. एस. रावत, रुद्रपुर के समाजवादी नेता सागर, हनीफ गांधी, दानिश चौधरी, नौशाद सिद्दीकी, शादाब अहमद, नगीना से किसान और मज़दूर नेता शमशाद, राशिद सैफ़ी, सुरेंद्र सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
