रूद्रपुर में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
रूद्रपुर, 24 जनवरी 2026 (सू0वि0)
‘‘माय इंडिया, माय वोट’’ तथा ‘‘वोट जैसा कुछ नहीं–वोट जरूर डालेंगे हम’’ की थीम पर आधारित 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस जनपद ऊधम सिंह नगर में पूर्ण हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर जिला कार्यालय परिसर में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता शपथ दिलाई गई। शपथ में लोकतंत्र में आस्था रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा बनाए रखने तथा धर्म, जाति, वर्ग, समुदाय, भाषा अथवा किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचन में निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संकल्प लिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदान अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा दूसरों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न विद्यालयों में चित्रकला, निबंध एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
पोस्टर/चित्रकला प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज, रूद्रपुर की नीलम कुमार ने प्रथम, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फाजलपुर महरौली की मानसी विश्वास ने द्वितीय तथा राजकीय इंटर कॉलेज कनकपुर की शिवाली राठौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निबंध प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज कनकपुर की कोमल तिवारी प्रथम, श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज रूद्रपुर की अंशिका तिवारी द्वितीय तथा जनता इंटर कॉलेज की खुशी पाल तृतीय रहीं।
स्लोगन प्रतियोगिता में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पंतनगर की प्राची मिश्रा प्रथम, जनता इंटर कॉलेज रूद्रपुर की अमृता कुमार द्वितीय तथा श्री सनातन धर्म कन्या इंटर कॉलेज की कोमल टम्टा तृतीय स्थान पर रहीं।सभी विजेताओं को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा मतदाता जागरूकता हेतु पंपलेट एवं पोस्टर वितरित किए गए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण योगेन्द्र कुमार सागर, मुख्य शिक्षा अधिकारी के.एस. रावत, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
