काशीपुर। नगर निगम काशीपुर ने शहर की सफाई व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लगभग 38 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक पूर्णतः इलेक्ट्रिक मैकेनाइज़्ड रोड स्वीपर मशीन को अपने बेड़े में शामिल किया। महापौर दीपक बाली ने नगर आयुक्त, पार्षदों, नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मशीन को हरी झंडी दिखाकर शहर की सेवा के लिए रवाना किया नगर निगम के अनुसार यह उत्तराखंड की अपनी तरह की पहली बहुउद्देश्यीय पूर्णतः इलेक्ट्रिक रोड स्वीपर मशीन है, जो बारिश के दौरान भी कार्य करने में सक्षम है। मशीन सड़क सफाई, धूल नियंत्रण, जेटिंग, फॉगिंग तथा वैक्यूम होज के माध्यम से कचरा संग्रहण जैसे कई कार्य एक साथ कर सकती है। इसमें PM 2.5 और PM 10 धूल नियंत्रण तकनीक, शून्य टेलपाइप उत्सर्जन और कम शोर जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं, जिससे स्वच्छ और प्रदूषण-मुक्त शहर बनाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग और मार्गदर्शन से काशीपुर में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने और स्वच्छ बनाने के लिए किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। उनका कहना था कि यह मशीन शहर की सफाई व्यवस्था में मील का पत्थर साबित होगी और भविष्य में नगर निगम और भी इलेक्ट्रिक मशीनें खरीदने की योजना पर कार्य करेगा, जिससे ईंधन खर्च में भी कमी आएगी। नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि नई रोड स्वीपर मशीन स्वच्छता के साथ-साथ जनस्वास्थ्य की दृष्टि से भी बेहद उपयोगी साबित होगी और शहर की सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाएगी।
कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल साह, शालिनी नेगी, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, सांसद प्रतिनिधि विजय बॉबी, मुक्ता सिंह, अभिषेक गोयल, अर्बन बैंक के अध्यक्ष अजय टंडन, अशोक पैगिया, पार्षद अनिल कुमार, पुष्कर बिष्ट, सीमा सागर, शाह आलम, सतीश शर्मा, अनीता कांबोज, वैशाली गुप्ता, मनोज बाली, दीपा पाठक, बीना नेगी, सादिक हुसैन, प्रिंस बाली, शशांक गोले, संदीप सिंह, मोनू, घनश्याम सैनी, मनोज जग्गा, अशोक सैनी, मनोज पाहवा, चौधरी समरपाल सिंह, हफीजुर रहमान, भाजपा नेत्री विमला आर्य, काजल आर्य, आकाश गर्ग, पूर्व पार्षद अनिल चौहान, भाव्य पांडे, सुशांत नवीन तथा मशीन उपलब्ध कराने वाली कंपनी के प्रतिनिधि अपूर्व मिश्रा, अंशुल गुप्ता, अमित तिवारी, अमित अहिरभर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
