किच्छा तहसील दिवस में आईं 115 शिकायतें, 47 का मौके पर निस्तारण


किच्छा, 02 जून 2026। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को नगर पालिका परिषद सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 115 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 47 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनें तथा तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
तहसील दिवस में समाज कल्याण, विद्युत, पेयजल, भूमि विवाद, सीसी मार्ग, सड़क निर्माण, सिंचाई, राजस्व, पुलिस, नगर पालिका, गैस सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। सिरौलीकला निवासी मोहम्मद ताहिर ने कृषि भूमि के शामिल खाते के बंटवारे की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आदर्श नगर बंडिया निवासी सुरेश प्रसाद चौहान ने मंदिर चौराहे से कॉलोनी चौराहे तक लगभग 20 मीटर सड़क निर्माण कराने की मांग की। वहीं कमला नगर चुटकी देवरिया के निवासियों ने 50 फीट कच्चे मार्ग को पक्का कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इंदरपुर निवासी रामचीज ने ग्राम प्रतापपुर स्थित अपनी कृषि भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर कब्जा दिलाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम आनंदपुर के ग्रामीणों ने नाले की सफाई की मांग की, जिस पर अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग को निरीक्षण कर सफाई कराने के निर्देश दिए गए।
पूर्व सभासद लियाकत अली ने वार्ड संख्या-3 किशनपुर सिसई में खुले विद्युत तारों के स्थान पर इंसुलेटेड लाइन बिछाने, सिसई बंडिया में पाहा नहर की सफाई तथा नहर की कवरिंग कराने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने तथा संबंधित अधिकारियों को नहर सफाई एवं कवरिंग के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। पंत कॉलोनी निवासी चंद्रकला ने नगर पालिका द्वारा लगाए गए सबमर्सिबल पंप से कनेक्शन उपलब्ध कराने की मांग की, जिस पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, उपजिलाधिकारी गौरव पांडेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।