काशीपुर, 1 जून 2026। काशीपुर कोतवाली क्षेत्र में सत्यापन अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को कोतवाली काशीपुर की टीम एसआरएफ फैक्ट्री और गड्ढा कॉलोनी क्षेत्र में सत्यापन अभियान चला रही थी। इसी दौरान सरकारी वाहन के सामने गलत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल की टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार पारस अधिकारी को मामूली चोटें आईं। आरोप है कि घटना के बाद पारस अधिकारी पुलिसकर्मियों से गाली-गलौज करते हुए मौके से चला गया। कुछ देर बाद वह अपने भाई पीयूष अधिकारी और चाची के साथ वापस लौटा तथा पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। पुलिस का कहना है कि पारस अधिकारी ने सरकारी वाहन चालक वीरेंद्र का गिरेबान पकड़कर खींचा, जिससे उनकी वर्दी फट गई और उन्हें चोटें भी आईं। वहीं पीयूष अधिकारी पर भी पुलिसकर्मियों को धमकाने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घायल पुलिसकर्मियों का मेडिकल परीक्षण भी कराया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी पारस अधिकारी पुत्र श्याम सिंह अधिकारी, निवासी कुमाऊं कॉलोनी, थाना काशीपुर, जनपद उधम सिंह नगर। पीयूष अधिकारी पुत्र दीवान सिंह अधिकारी, निवासी उपरोक्त।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
