काशीपुर। उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र स्वर्गीय दिनेश कुमार अग्रवाल की पुण्य स्मृति में उनके पुत्र रितेश अग्रवाल एवं अमिष अग्रवाल ने विद्यालय को 20 आधुनिक कंप्यूटर समर्पित किए। इसके साथ ही कंप्यूटर लैब को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए फर्नीचर, इन्वर्टर और एसी भी उपलब्ध कराए। बाल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को मिली इस सौगात से विद्यालय में खुशी का माहौल रहा।
वर्ष 1945 से 1950 तक उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज में अध्ययन करने वाले स्वर्गीय दिनेश कुमार अग्रवाल की स्मृति में स्थापित आधुनिक कंप्यूटर लैब का शुभारंभ दिल्ली से पहुंचे उनके परिजनों एवं विद्यालय प्रबंधकारिणी के पदाधिकारियों ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर विद्यालय के कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार अग्रवाल सर्राफ ने स्वर्गीय दिनेश कुमार अग्रवाल के जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए उनके विद्यालय से जुड़ाव और योगदान को याद किया। वहीं विद्यालय प्रबंधक मनोज कुमार अग्रवाल ने कंप्यूटर लैब को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने के लिए अग्रवाल परिवार का आभार व्यक्त किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा प्रणाली से लेकर कौशल विकास तक कंप्यूटर की महत्वपूर्ण भूमिका है। ई-लर्निंग और डिजिटल शिक्षा आज के विद्यार्थियों के लिए बेहद आवश्यक हो गई है। ऐसे में आधुनिक सुविधाओं से युक्त कंप्यूटर लैब विद्यार्थियों के ज्ञान और तकनीकी कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने स्वर्गीय दिनेश कुमार अग्रवाल के पुत्रों द्वारा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए किए गए इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए परिवार के सभी सदस्यों का आभार जताया।
कार्यक्रम में पारिवारिक सदस्य संजय अग्रवाल, विद्यालय उपाध्यक्ष हिमांशु गर्ग, उपमंत्री संजय अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक गोयल, कपिल अग्रवाल, मेजर मुनीशकांत शर्मा, उपप्रधानाचार्य महेश चंद्र आर्या, जयदीप सिंह, कौशलेश गुप्ता, अनुराधा अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, रुचिन अग्रवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस पहल को पूर्व छात्र की स्मृति को सम्मान देने के साथ-साथ विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने की एक प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
