रुद्रपुर। जिला अस्पताल परिसर में हुए नितेश उर्फ राज जौहरी हत्याकांड में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी विकास कुमार को घटना के करीब 12 घंटे के भीतर बरेली के इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अभिरक्षा में लाते समय थाना पुलभट्टा क्षेत्र में यश पेट्रोल पंप के पास आरोपी ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देकर अब तक पांच आरोपियों आकाश कुमार, विकास कुमार, विनोद कुमार, अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इसके बाद जिला अस्पताल परिसर में दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। इस दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना में दिनेश जौहरी और कमलेश कुमार भी घायल हुए थे।
मामले में दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में पांच आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर फॉरेंसिक टीम से वैज्ञानिक निरीक्षण कराया। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्य जुटाए गए।
पुलिस ने 13 नवंबर को आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं मुख्य आरोपी विकास कुमार को बरेली से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 14 नवंबर को एसओजी और चौकी प्रभारी सिडकुल उपनिरीक्षक हेमंत सिंह कठैत के नेतृत्व में गठित टीम ने लुमिनस फैक्ट्री के पास निर्माणाधीन देवभूमि कॉलोनी के पगडंडी मार्ग पर घेराबंदी कर अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी विकास कुमार की निशानदेही पर 14 नवंबर को हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल और टी-शर्ट भी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में से तीन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि शेष दो आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विवेचना जारी है और आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
