काशीपुर से इस वक्त की बड़ी खबर—
ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर काशीपुर ईदगाह में आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। सुबह होते ही ईदगाह परिसर में नमाजियों का सैलाब उमड़ पड़ा और देखते ही देखते हजारों की तादाद में मुस्लिम समाज के लोग नमाज अदा करने के लिए एकत्रित हो गए।
नमाज अदा करने के बाद लोगों ने मुल्क हिंदुस्तान में अमन, शांति, भाईचारे और तरक्की के लिए खास दुआएं मांगीं। हर तरफ खुशियों का माहौल नजर आया और लोगों के चेहरों पर ईद की रौनक साफ दिखाई दी।
इस मौके पर शहर इमाम ने अपने खुत्बे में कहा कि रमजान का पाक महीना सब्र, इबादत और रहमतों का महीना होता है। इस महीने में की गई इबादतों का सवाब कई गुना बढ़ा दिया जाता है और अल्लाह अपने बंदों पर खास इनायतें बरसाता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ईद के इस मुबारक मौके पर आपसी भाईचारे, मोहब्बत और इंसानियत का पैगाम फैलाएं।
नमाज के बाद ईदगाह में भाईचारे की मिसाल देखने को मिली, जहां लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। छोटे-बड़े, अमीर-गरीब सभी ने मिलकर इस त्योहार को खुशी और सौहार्द के साथ मनाया।
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया। ईदगाह और आसपास के इलाकों में कड़ी निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटा जा सके। पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी।
ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे लोगों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। कुल मिलाकर काशीपुर में ईद-उल-फितर का यह पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ, जिसने एक बार फिर समाज में एकता और सद्भाव का संदेश दिया।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
