Headlines

मुख्यमंत्री धामी सख्त: सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने में तेजी लाएं अधिकारी, भू कानून उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

खटीमा, 25 मई 2026।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा स्थित अपने निजी आवास से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर कानून व्यवस्था, सरकारी भूमि संरक्षण, मानसून तैयारियों और चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम सभाओं की सरकारी भूमि की भी नियमित जांच की जाए और भू कानून का उल्लंघन कर खरीदी गई जमीनों की त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां भी भू कानून का उल्लंघन पाया जाए, संबंधित भूमि को राज्य सरकार में निहित किया जाए।
वक्फ और शत्रु संपत्तियों की भी होगी जांच
मुख्यमंत्री ने राज्य में स्थित शत्रु संपत्तियों पर हुए अवैध कब्जों को हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि उम्मीद पोर्टल पर दर्ज वक्फ संपत्तियों के विवरण की नियमित समीक्षा और जांच की जाए। उन्होंने अधिकारियों को अन्य राज्यों से आए लोगों के शस्त्र लाइसेंसों की जांच करने तथा आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्तियों को चिन्हित करने के भी निर्देश दिए।
इसके अलावा जनसेवा केंद्रों की जांच, फर्जी राशन कार्ड बनाकर सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे अपात्र लोगों की पहचान तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के लिए वेरिफिकेशन ड्राइव तेज करने को कहा गया।
मानसून से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने आगामी मानसून को देखते हुए सभी जिलों को पूर्व तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में मानसून पूर्व समीक्षा बैठक आयोजित कर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और तकनीकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
बिजली कटौती पर भी सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में अनावश्यक बिजली कटौती किसी भी स्थिति में न हो। यदि किसी कारणवश बिजली कटौती आवश्यक हो तो इसकी पूर्व सूचना स्थानीय स्तर पर आम जनता तक समय रहते पहुंचाई जाए।
चारधाम यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चारधाम यात्रा की नियमित मॉनिटरिंग करने और यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं से लगातार फीडबैक लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राप्त सुझावों और शिकायतों के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाए।
इसके साथ ही यात्रा मार्गों पर पेयजल व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने मानसखंड यात्रा के तहत कैंची धाम बाईपास निर्माण कार्य को अगले माह तक हर हाल में पूरा करने को कहा।
किसानों तक पहुंचे योजनाओं का वास्तविक लाभ
मुख्यमंत्री ने कृषि एवं उद्यान विभाग को निर्देश दिए कि पॉली हाउस, एप्पल मिशन और कीवी मिशन जैसी योजनाएं केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ वास्तविक रूप से किसानों तक पहुंचे। उन्होंने कृषि और बागवानी क्षेत्र में परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाने पर जोर दिया।
जोशीमठ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आपदा प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोशीमठ में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी ली और मानसून से पहले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति भी मौजूद रहे।