Headlines

रुद्रपुर में SIR कंट्रोल रूम का निरीक्षण, मतदाताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए


रुद्रपुर, 25 जून 2026। विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत जिला स्तर पर स्थापित कंट्रोल रूम का गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मतदाताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने 1950 हेल्पलाइन नंबर की कार्यप्रणाली की स्वयं जांच की और इसकी सुचारू संचालन व्यवस्था का परीक्षण किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में मतदाताओं से प्राप्त शिकायतों एवं जानकारियों के अभिलेखीकरण से संबंधित पंजिका का अवलोकन करते हुए रिकॉर्ड के उचित रखरखाव पर विशेष जोर दिया। कौस्तुभ मिश्र ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मतदाताओं को आने वाली समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मतदाताओं को सही एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर उनका उचित मार्गदर्शन किया जाए, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं है और प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेकर उसका समाधान किया जाना चाहिए। इस अवसर पर SIR जनपदीय कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी उमाशंकर नेगी, नितीश जोशी, नीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। (समाचार संकलन) विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। कंट्रोल रूम के नियमित निरीक्षण एवं हेल्पलाइन की निगरानी से मतदाताओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।