रुद्रपुर/देहरादून, 25 जून 2026। उत्तराखंड में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत रुद्रपुर के ग्राम बागवाला में विकसित की जा रही राज्य की सबसे बड़ी ईडब्ल्यूएस (EWS) आवासीय परियोजनाओं में से एक अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। इस परियोजना के तहत 1872 परिवारों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं सचिव आवास एवं आवास आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार की निगरानी में संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को सुरक्षित, सम्मानजनक और गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराना है। मात्र 3 लाख रुपये में मिलेगा अपना घर परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि लगभग 6 लाख रुपये लागत वाले प्रत्येक फ्लैट के लिए लाभार्थी को केवल 3 लाख रुपये का भुगतान करना होगा। शेष 3 लाख रुपये की राशि केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा डेढ़-डेढ़ लाख रुपये की सब्सिडी के रूप में दी जाएगी। इससे सीमित आय वाले परिवारों के लिए घर खरीदना आसान हो जाएगा। 832 फ्लैट तैयार, जल्द होगा आवंटन परियोजना के तहत बनाए गए कुल 1872 आवासों में से 832 फ्लैट पूरी तरह तैयार हो चुके हैं, जबकि 512 अन्य फ्लैटों में अंतिम चरण के कार्य तेजी से चल रहे हैं। सरकार जल्द ही परियोजना का लोकार्पण कर पात्र लाभार्थियों को आवासों की चाबियां सौंपने की तैयारी में है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित परिसर करीब 6.02 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित इस आवासीय परिसर में 23 बहुमंजिला ब्लॉक बनाए गए हैं। प्रत्येक फ्लैट में एक बेडरूम, ड्राइंग रूम, किचन, बाथरूम, शौचालय और बरामदा उपलब्ध होगा। लगभग 28 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाले इन फ्लैटों को छोटे परिवारों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। सभी भवन भूकंपरोधी तकनीक से निर्मित हैं। परिसर में चौड़ी सड़कें, पार्किंग, पेयजल, बिजली, सीवरेज सिस्टम, वर्षा जल संचयन, अत्याधुनिक एसटीपी, पार्क और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।पारदर्शी होगी आवंटन प्रक्रिया आवासों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी तरीके से कंप्यूटर आधारित रैंडमाइजेशन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। आवेदन के लिए आवेदक का प्रधानमंत्री आवास योजना के एमआईएस पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। पात्रता के अनुसार आवेदक को 17 जून 2015 से पूर्व का उत्तराखंड निवासी होना चाहिए, वार्षिक आय 3 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए तथा परिवार के किसी सदस्य के नाम देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए। आवेदन प्रक्रिया मात्र 5 हजार रुपये जमा कर शुरू की जा सकती है। सुरक्षा और गुणवत्ता को प्राथमिकता परियोजना में आरसीसी बाउंड्री वॉल, मुख्य प्रवेश द्वार, विद्युत सुरक्षा मानकों, फायर फाइटिंग सिस्टम, जलापूर्ति व्यवस्था और आधुनिक सीवरेज सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यूपीसीएल और फायर विभाग द्वारा आवश्यक परीक्षण भी पूरे किए जा चुके हैं। सचिव आवास का बयान सचिव आवास एवं आवास आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि बागवाला आवासीय परियोजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जल्द ही पात्र लाभार्थियों को आवास आवंटित कर चाबियां सौंपी जाएंगी, जिससे हजारों परिवारों का अपने घर का सपना साकार होगा।
संकलन रुद्रपुर के बागवाला में तैयार हो रही प्रधानमंत्री आवास योजना की यह विशाल परियोजना उत्तराखंड में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभर रही है। आधुनिक सुविधाओं, पारदर्शी आवंटन प्रक्रिया और सरकारी सब्सिडी के साथ यह योजना न केवल लोगों को पक्का घर उपलब्ध कराएगी, बल्कि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी प्रदान करेगी। धामी सरकार की यह पहल राज्य में समावेशी विकास और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
