Headlines

विश्व पोलियो दिवस पर काशीपुर में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, बच्चों को पिलाई गई पोलियो की खुराक

काशीपुर। विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर राजकीय चिकित्सालय लक्ष्मण दत्त भट्ट में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष अलका पाल ने फीता काटकर किया। उन्होंने पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर अलका पाल ने कहा कि एक समय पोलियो देश के लिए गंभीर अभिशाप था, लेकिन भारत सरकार द्वारा चलाए गए व्यापक पोलियो उन्मूलन अभियान, स्वास्थ्य विभाग की सतत मेहनत और जनजागरूकता के कारण आज देश पोलियो मुक्त होने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल कर चुका है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के प्रसार और लोगों में बढ़ती जागरूकता के चलते अब अधिकांश अभिभावक जन्म के समय से ही अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिला रहे हैं, जिससे इस गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो पाया है।

उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नवजात एवं पांच वर्ष तक के बच्चों को समय-समय पर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि आने वाली पीढ़ी स्वस्थ और सुरक्षित रह सके।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप दीक्षित ने भी पोलियो उन्मूलन अभियान की सफलता में जनसहभागिता की अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुए सभी से अभियान में सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर पार्षद शाह आलम, अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी, पोलियो अभियान से जुड़े कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।