काशीपुर। शहर में पहली बार आयोजित दो दिवसीय ‘ग्रैंड फैशन एंड लाइफस्टाइल एग्जीबिशन’ का भव्य शुभारंभ बुधवार को रामनगर रोड स्थित होटल अनन्या रीजेंसी में महापौर दीपक बाली ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। काशीपुर की प्रथम महिला एवं समाजसेविका उर्वशी दत्त बाली के प्रयासों तथा देश-विदेश में फैशन प्रदर्शनियों के सफल आयोजन के लिए प्रसिद्ध फैशन विशेषज्ञ रोमा अरोड़ा के संयोजन में आयोजित यह प्रदर्शनी शहर के फैशन और लाइफस्टाइल क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल बनकर सामने आई है। उद्घाटन के अवसर पर महापौर दीपक बाली ने कहा कि इस भव्य आयोजन को देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो काशीपुर का स्वरूप ही बदल गया हो। उन्होंने देश-विदेश से आए सभी फैशन डिजाइनर्स का स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी केवल खरीदारी का मंच नहीं, बल्कि काशीपुर के लोगों को महानगरों जैसी प्रीमियम शॉपिंग का अनुभव उपलब्ध कराने वाला एक विशेष आयोजन है। उन्होंने कहा कि अब नवीनतम फैशन ट्रेंड्स, अंतरराष्ट्रीय डिजाइन और लग्जरी ब्रांड्स के लिए लोगों को दिल्ली, मुंबई अथवा अन्य महानगरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी का लाभ उठाने की अपील भी की। प्रदर्शनी में दुबई और थाईलैंड सहित देश के विभिन्न महानगरों एवं प्रमुख शहरों से आए लगभग 40 डिजाइनर्स अपने विशेष कलेक्शन प्रदर्शित कर रहे हैं। दुबई, थाईलैंड, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, अमृतसर, मेरठ, लुधियाना, बेंगलुरु, हैदराबाद, मुजफ्फरनगर के साथ-साथ हल्द्वानी, रुद्रपुर, जसपुर, नजीबाबाद और काशीपुर के डिजाइनर्स भी इसमें शामिल हैं।
प्रदर्शनी में अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स फालगुन सखा (दुबई), कारी (थाईलैंड) और वाची (थाईलैंड) के अलावा तनछुई, डिजाइन डेकोर, फैशन मंत्रा, पल्लवी एंड पीयूष, जस, गुरु नानक क्रिएशन, मोजड़ी बाय रंजीत, इकारा, चिकनवेदा, हर्षित बेरी और ज्वेलशाला सहित अनेक प्रतिष्ठित ब्रांड्स आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
तीज और रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शनी में विशेष कलेक्शन प्रस्तुत किए गए हैं। यहां डिजाइनर सूट, बनारसी एवं कांजीवरम साड़ियां, लहंगे, इंडो-वेस्टर्न परिधान, लखनवी चिकनकारी, एम्ब्रॉयडरी कलेक्शन, फैशन ज्वेलरी, प्योर सिल्वर ज्वेलरी, पारंपरिक मोजड़ी, पोटली बैग, डिजाइनर राखियां, प्रीमियम होम डेकोर, पेंटिंग्स, अंतरराष्ट्रीय मेकअप उत्पाद, यूनिक गिफ्ट आइटम्स एवं होम स्टाइलिंग से जुड़ी अनेक आकर्षक वस्तुएं उपलब्ध हैं। महिलाओं की प्रतिभा और व्यक्तित्व को सम्मानित करने के लिए प्रदर्शनी में 10 विशेष अवॉर्ड श्रेणियों की भी घोषणा की गई है। इनमें बेस्ट मॉम, बेस्ट स्माइल, बेस्ट आउटफिट, बेस्ट स्टाइल आइकन, मोस्ट ग्रेसफुल लेडी, मोस्ट कॉन्फिडेंट लेडी, बेस्ट एथनिक लुक, मोस्ट फोटोजेनिक, क्वीन ऑफ एलीगेंस तथा पीपुल्स चॉइस अवॉर्ड शामिल हैं। प्रदर्शनी की आयोजक रोमा अरोड़ा ने बताया कि काशीपुर में लोगों का उत्साह बेहद उत्साहजनक है। उन्होंने कहा कि शहर की महिलाओं से उन्हें भरपूर स्नेह और सहयोग मिल रहा है। उन्होंने नागरिकों से 5 एवं 6 अगस्त को अपने परिवार और मित्रों के साथ होटल अनन्या रीजेंसी पहुंचकर इस भव्य ग्रैंड फैशन एंड लाइफस्टाइल एग्जीबिशन का हिस्सा बनने और प्रीमियम फैशन की नई दुनिया का अनुभव लेने का आग्रह किया। उद्घाटन समारोह में प्रथम महिला उर्वशी दत्त बाली, आयोजक रोमा अरोड़ा, उनकी पुत्री तवीशा अरोड़ा, देवेंद्र अरोड़ा, राजीव भल्ला, साक्षी गुप्ता, पार्षद पुष्कर सिंह बिष्ट, पार्षद अशोक सैनी, पीयूष प्रधान सहित नगर एवं क्षेत्र की अनेक गणमान्य महिलाएं और नागरिक उपस्थित रहे।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
