बुलंदशहर, 25 अगस्त 2026। चीनी एवं अन्य खाद्य पदार्थों की लगातार बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में मंगलवार को समाजवादी पार्टी मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी समाजवादी पार्टी कार्यालय से जुलूस के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
समाजवादी पार्टी मजदूर सभा ने राष्ट्रपति के नाम प्रेषित ज्ञापन के माध्यम से सरकार से आम जनता, मजदूरों और किसानों को बढ़ती महंगाई से राहत दिलाने की मांग की। एथेनॉल के लिए चीनी डायवर्ट करने पर रोक की मांग ज्ञापन में कहा गया कि एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के डायवर्जन को भी चीनी की बढ़ती कीमतों का एक कारण माना जा रहा है। मजदूर सभा ने मांग की कि चीनी से एथेनॉल बनाने के लिए चीनी के इस्तेमाल पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ सके और आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। चीनी के जमाखोरों पर हो कार्रवाई मजदूर सभा ने आरोप लगाया कि बड़े व्यापारियों द्वारा बाजार से बड़ी मात्रा में चीनी का स्टॉक किए जाने के कारण भी कीमतों में वृद्धि हो रही है। संगठन ने प्रशासन से तत्काल छापेमारी अभियान चलाकर जमाखोरी की जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की, ताकि गरीब, मजदूर और किसान आगामी त्योहारों को आसानी से मना सकें।
सरकारी कोटे से मुफ्त चीनी देने की मांग ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि त्योहारों के अवसर पर सरकारी कोटे के माध्यम से प्रति यूनिट दो किलो चीनी मुफ्त उपलब्ध कराई जाए। संगठन का कहना है कि जब सरकार गरीब परिवारों को गेहूं और चावल जैसी खाद्य सामग्री मुफ्त उपलब्ध करा सकती है, तो त्योहारों को देखते हुए चीनी भी मुफ्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जानी चाहिए।
मजदूर सभा ने प्रशासन से मांगों की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा की गई कार्रवाई से संगठन को अवगत कराने का अनुरोध किया। इनकी रही प्रमुख भूमिका धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी मजदूर सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी चन्द्रपाल सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता समाजवादी मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष रामकुमार यादव ने की। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन जिला महासचिव सतीश गौतम एवं जिला उपाध्यक्ष समीम सैफी ने किया। प्रदर्शन में समाजवादी पार्टी बुलंदशहर के जिला महासचिव कृष्णपाल सिंह यादव, जिला सचिव श्रीमती नीतू सिंह, भजनलाल सैनी, इरफान खान, नगर अध्यक्ष खुर्जा मोन्टी वाल्मीकि, नगर अध्यक्ष सिकन्द्राबाद बाबूलाल प्रजापति, विधानसभा अध्यक्ष अनुपशहर शिवा गौतम, जिला उपाध्यक्ष ललित सैन सहित समाजवादी मजदूर सभा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समाजवादी मजदूर सभा के धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई, चीनी की बढ़ती कीमतों और जमाखोरी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से आम जनता को तत्काल राहत देने की मांग की।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
