काशीपुर। रक्षाबंधन का पर्व केवल भाई की कलाई पर राखी बांधने और उपहारों के आदान-प्रदान का त्योहार नहीं है। यह उन अनकहे भावनाओं का पर्व है, जिनमें बहन का विश्वास, भाई का प्रेम, परिवार की जिम्मेदारियां और जिंदगी की मजबूरियां एक पवित्र धागे में बंधी होती हैं। कलाई पर राखी बांधते हुए बहन ने बस इतना कहा
भैया इस बार भी मेरी रक्षा का वचन देना। भाई मुस्कुरा दिया, लेकिन उसकी आंखों में छिपे दर्द को बहन पढ़ नहीं पाई। शायद इसलिए क्योंकि जिंदगी की कुछ मजबूरियां आंखों से नहीं, बल्कि इंसान की खामोशी से रोती हैं। बहन की हथेली में राखी थी और दिल में बचपन की अनगिनत यादें। वही भाई, जो कभी उसकी चोटी खींचकर भाग जाया करता था, उसकी छोटी-छोटी बातों पर उसे चिढ़ाता था और फिर उसकी मुस्कान के लिए दुनिया से लड़ने को तैयार रहता था। लेकिन आज वही भाई जिंदगी की जिम्मेदारियों के बीच कहीं खो गया है। बहन प्यार से पूछती है भैया, इस बार मेरे लिए क्या लाए?” यह सुनकर भाई नजरें झुका लेता है। उसकी जेब में शायद पैसे कम हैं, लेकिन बहन के लिए उसका प्यार आज भी उतना ही बेहिसाब है। वह कहना चाहता है बहना, अगर मेरे पास दौलत होती तो तेरी हर खुशी खरीद लाता। अगर जिंदगी मेरे बस में होती तो तेरे हिस्से के सारे आंसू अपनी पलकों पर रख लेता। लेकिन भाई भी मजबूर है। घर की जिम्मेदारियां, बच्चों की फीस, बूढ़े मां-बाप की दवाइयां, कर्ज की किस्तें और लगातार बढ़ती महंगाई के थपेड़ों के बीच उसकी अपनी खुशियां कब की गिरवी पड़ चुकी हैं। वह हर दिन परिवार की जरूरतों को पूरा करने की कोशिश में अपने कई सपनों को पीछे छोड़ देता है। और बहन भी यह सब समझती है। वह जानती है कि भाई की कलाई पर सिर्फ एक राखी नहीं बंधती, बल्कि उसके साथ परिवार की जिम्मेदारियां, कर्तव्यों का पहाड़ और अधूरे सपनों की एक भारी गठरी भी बंधी होती है।
राखी के दिन बहन ने भाई की कलाई थामी और भाई ने प्यार से बहन का माथा चूम लिया। दोनों मुस्कुराए, लेकिन दोनों ने अपने-अपने आंसू दिल के भीतर ही छिपा लिए। क्योंकि कुछ रिश्ते शब्दों के सहारे नहीं चलते। वे उस पवित्र धागे की तरह होते हैं, जो टूटने से पहले सौ बार खिंचता है, हालातों की कसौटी पर बार-बार परखा जाता है, जिम्मेदारियों और मजबूरियों के बीच उलझता है, लेकिन फिर भी टूटता नहीं। राखी सिर्फ रक्षा का वचन नहीं है। यह भाई की मजबूरी और बहन के विश्वास के बीच बंधा वह
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
