काशीपुर आवारा पशुओं के खौफ से निजात दिलाने की मांग, कांग्रेस ने नगर निगम से अभियान चलाने की उठाई मांग


काशीपुर। नगर में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने नगर निगम प्रशासन से प्रभावी अभियान चलाकर नागरिकों को राहत दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शहर के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते और गोवंशीय पशु खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे आम नागरिकों में भय का माहौल बना हुआ है।
अलका पाल ने कहा कि सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंशीय पशुओं के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। कई बार पशुओं के अचानक सड़क पर आ जाने से दुर्घटनाएं हो जाती हैं। वहीं, गोवंशीय पशुओं के आपस में लड़ने के कारण भी हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने कहा कि आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ने से राहगीरों, बच्चों और बुजुर्गों में विशेष रूप से भय बना हुआ है। कई स्थानों पर आवारा कुत्तों द्वारा लोगों को काटने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं, जिससे रेबीज जैसी गंभीर बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। कूड़े के ढेर में भोजन तलाशने को मजबूर गोवंश महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि शहर में जगह-जगह खुले में पड़े कूड़े के ढेरों में गोवंशीय पशु भोजन तलाशते दिखाई देते हैं। पशुपालकों की लापरवाही के कारण भी कई गोवंशीय पशु सड़कों पर छोड़ दिए जाते हैं। इससे न केवल शहर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है, बल्कि गोवंशीय पशुओं की मर्यादा भी प्रभावित होती है। पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग
अलका पाल ने कहा कि पूर्व में नगर निगम की ओर से आवारा गोवंशीय पशुओं को पकड़कर निर्धारित स्थान पर रखने की व्यवस्था की जाती थी। पशुओं के मालिकों पर जुर्माना भी लगाया जाता था, जिससे नगर निगम को राजस्व प्राप्त होता था और पशुओं को सड़कों पर खुलेआम घूमने से रोका जा सकता था।
उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि गोवंशीय पशुओं के रखरखाव, आवारा कुत्तों की रोकथाम तथा पशुओं को सड़कों से हटाने के लिए शीघ्र विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही पशुओं को खुले में छोड़ने वाले पशुपालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई और जुर्माने की व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए।
अलका पाल ने कहा कि नगर निगम की ओर से ठोस कदम उठाए जाने से शहरवासियों को आवारा पशुओं के खौफ से निजात मिलेगी और सड़क दुर्घटनाओं पर भी प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकेगा।