बाजपुर क्षेत्र में सड़क गड्ढा मुक्त कार्य का जिलाधिकारी ने लिया जायजा


समयबद्ध तरीके से सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश
बाजपुर, 03 अक्टूबर 2026। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शनिवार को बाजपुर क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न मार्गों पर चल रहे सड़क गड्ढा मुक्त अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति, मरम्मत कार्य की प्रगति तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद की सभी सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त कर आमजन को सुरक्षित एवं सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध कराई जानी है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क गड्ढा मुक्त कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य को गुणवत्तापूर्वक पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन मार्गों पर अधिक गड्ढे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित कर तत्काल मरम्मत कराई जाए। साथ ही कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और नियमित रूप से प्रगति की निगरानी करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि क्षेत्र में सड़क गड्ढा मुक्त करने का कार्य लगातार प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनता को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।