काशीपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को SIR प्रक्रिया का विशेष प्रशिक्षण, संगठन मजबूती पर दिया गया जोर


काशीपुर। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार मंगलवार को गौड़ सभा भवन, डॉक्टर लाइन, काशीपुर में SIR (एस आई आर) प्रक्रिया को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना तथा कार्यकर्ताओं को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए तैयार करना रहा।
कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर के रूप में पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. गणेश उपाध्याय ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को SIR प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षित और सक्रिय होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को मजबूती से पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उधमसिंह नगर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्री हिमांशु गावा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर जिला अध्यक्ष अलका पाल ने की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाते हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी हित में कार्य करने का आह्वान किया।
इस दौरान कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पार्षद एवं विभिन्न फ्रंटल संगठनों से जुड़े पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी रणनीतियों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।