काशीपुर नगर निगम में लोक कल्याण मेले का आयोजन, रेहड़ी-पटरी और फेरी व्यवसायियों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ


काशीपुर नगर निगम सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत आयोजित इस मेले का उद्देश्य रेहड़ी, पटरी और फेरी व्यवसाय से जुड़े लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद महापौर दीपक बाली ने कहा कि नगर निगम शहर के रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष के अंत तक शहर में छह आधुनिक वेंडिंग जोन विकसित किए जाएंगे, जहां व्यवसायियों को बेहतर सुविधाओं के साथ व्यवस्थित तरीके से अपना कारोबार करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक वेंडरों को स्थायी और उचित स्थान उपलब्ध नहीं करा दिया जाता, तब तक उन्हें किसी भी स्थान से नहीं हटाया जाएगा और न ही किसी प्रकार की परेशानी होने दी जाएगी। महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना छोटे कारोबारियों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है। इस योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार लगातार गरीब और जरूरतमंद वर्ग के उत्थान के लिए काम कर रही है। मेले में पात्र लाभार्थियों को 15 हजार, 25 हजार और 50 हजार रुपये तक के ऋण, क्रेडिट कार्ड सुविधा, डिजिटल भुगतान प्रशिक्षण तथा अन्य आर्थिक एवं सामाजिक योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान करीब 35 लाभार्थियों के ऋण स्वीकृत किए गए, जबकि चार लोगों को क्रेडिट कार्ड एवं सम्मान पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा विभिन्न विभागों और बैंक अधिकारियों द्वारा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, जननी सुरक्षा योजना तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। मेले में बड़ी संख्या में रेहड़ी-पटरी एवं फेरी व्यवसायियों ने भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम में नगर निगम अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, बैंक अधिकारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।