काशीपुर। नीट परीक्षा को लेकर उठे विवाद के बीच महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं ने देश के लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। अलका पाल ने कहा कि नीट परीक्षा में पेपर लीक और विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में घोटालों के कारण युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही सरकारी नौकरियों की पर्याप्त भर्तियां नहीं निकलने से बेरोजगारी की समस्या लगातार बढ़ रही है, जिससे छात्रों और उनके अभिभावकों पर आर्थिक एवं मानसिक दबाव बढ़ा है। उन्होंने मांग की कि सरकार नकल माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करे। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस पूरे मामले में जवाबदेही तय करने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की। अलका पाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री को भी छात्रों के भविष्य से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर हस्तक्षेप करते हुए पेपर लीक और नकल माफिया के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, राहुल गांधी के नेतृत्व में छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर में अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
