Headlines

क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल प्रकरण: बाल अधिकार संरक्षण आयोग सख्त, कमियां दूर होने के बाद ही खुलेगा विद्यालय

रुद्रपुर। उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह रजवार की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में क्रिमसन वर्ल्ड स्कूल से संबंधित विभिन्न शिकायतों एवं विद्यालय को अचानक बंद किए जाने के मामले में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षा विभाग के अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा जिले के विभिन्न निजी विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य मौजूद रहे।

बैठक में आयोग के सदस्य ने विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों की सुरक्षा, भवन की स्थिति, वित्तीय एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा विद्यालय संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराई जाएं।

योगेश सिंह रजवार ने स्पष्ट कहा कि विद्यालय भवन की सुरक्षा, अग्निशमन व्यवस्था, पृथक फायर टैंक, वैध ऑक्युपेंसी सर्टिफिकेट (Occupancy Certificate), सड़क से विद्यालय तक सुरक्षित पहुंच मार्ग सहित सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किए बिना विद्यालय का संचालन नहीं किया जाएगा। इन सभी व्यवस्थाओं का प्रमाणपत्र खंड शिक्षा अधिकारी, रुद्रपुर के माध्यम से मुख्य शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की सभी कमियों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करने तथा उसकी रिपोर्ट निर्धारित समय में आयोग को भेजने के निर्देश भी दिए गए। विद्यालय प्रबंधन को चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। विद्यालय प्रबंधन को सभी कमियों का शीघ्र निराकरण कर शासन एवं शिक्षा विभाग के नियमों के अनुरूप विद्यालय का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जिले के सभी निजी स्कूलों और कोचिंग सेंटरों की होगी जांच

बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी को 10 से 12 सदस्यीय संयुक्त समिति गठित करने के निर्देश दिए गए। इस समिति में जिला प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन विभाग, श्रम विभाग, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को शामिल किया जाएगा। समिति की अध्यक्षता उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य करेंगे।

यह समिति जिले के सभी निजी विद्यालयों, अशासकीय विद्यालयों तथा कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा मानकों का निरीक्षण करेगी। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जुलाई के दूसरे सप्ताह तक अपने-अपने विकासखंड का निरीक्षण रोस्टर तैयार कर मुख्य शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में विद्यालयों में स्थापित शिकायत पेटिकाओं की नियमित निगरानी, नशा उन्मूलन जागरूकता अभियान चलाने, स्कूल परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा विद्यालय प्रबंधन समितियों की अभिभावकों के साथ नियमित बैठकें आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी मुकुल चौधरी, खंड शिक्षा अधिकारी सावेद आलम, भानु प्रताप कुशवाह सहित समग्र शिक्षा के जिला एवं संकुल समन्वयक तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।