रुद्रपुर। आगामी 2 जुलाई को प्रदेशभर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय मानसून मॉक ड्रिल की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आयोजित होने वाली इस मॉक ड्रिल की तैयारियों की समीक्षा मंगलवार को सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी जनपदों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक के माध्यम से की। बैठक में सचिव ने निर्देश दिए कि मॉक ड्रिल का आयोजन वास्तविक आपदा जैसी परिस्थितियों में किया जाए, ताकि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित सूचना आदान-प्रदान, राहत एवं बचाव कार्यों, संसाधनों की उपलब्धता औ आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की प्रभावशीलता का व्यावहारिक परीक्षण किया जा सके। बैठक के दौरान सभी जनपदों ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति (पीपीटी) के माध्यम से अपनी तैयारियों की जानकारी दी। ऊधम सिंह नगर की ओर से अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने बताया कि जनपद में मॉक ड्रिल के लिए पांच संवेदनशील स्थानों का चयन किया गया है। इनमें काशीपुर के 20 नंबर पावर हाउस क्षेत्र, बाजपुर के लेबरा पुल के क्षतिग्रस्त होने, रुद्रपुर मार्ग पर पेड़ गिरने से मार्ग अवरुद्ध होने, सितारगंज के बमनपुरी पुल के तटबंध टूटने तथा खटीमा के गौशाला क्षेत्र में जलभराव जैसी संभावित आपदा परिस्थितियों पर आधारित अभ्यास कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इन सभी परिदृश्यों में संबंधित विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया, आपसी समन्वय, उपलब्ध संसाधनों, राहत एवं बचाव कार्यों तथा आपदा प्रबंधन व्यवस्था की क्षमता का परीक्षण किया जाएगा। बैठक में इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम (आईआरएस) से जुड़े अधिकारियों के अलावा तहसील स्तर के अधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। वहीं एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस, पैरामिलिट्री बल और अन्य एजेंसियों की तैनाती एवं उनकी जिम्मेदारियों को लेकर भी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी अधिकारियों को सफल मॉक ड्रिल के लिए शुभकामनाएं देते हुए बताया कि 2 जुलाई को आयोजित होने वाले इस राज्य स्तरीय अभ्यास की रिपोर्ट और प्रस्तुतीकरण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा उत्तराखंड के मुख्य सचिव के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। बैठक में जनपद स्तर से अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, प्रभारी अधिकारी गौरव पाण्डेय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, अधीक्षण अभियंता अनिल पांगती, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी ईशान कटारिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
