मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने सुशासन और विकास का नया अध्याय लिखा : महापौर दीपक बाली


काशीपुर। के महापौर दीपक बाली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने बीते पांच वर्षों में सुशासन, विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश ने कई ऐतिहासिक निर्णय लेकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। महापौर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कार्यकाल केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अनेक योजनाएं और नीतियां धरातल पर सफलतापूर्वक लागू हुईं। युवा सोच, दृढ़ इच्छाशक्ति और संवेदनशील नेतृत्व के बल पर उन्होंने उत्तराखंड को विकास की नई दिशा दी है। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने तथा प्रशासन को अधिक जवाबदेह बनाने की दिशा में सरकार ने प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू कर युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास पूरे देश में मिसाल बना। वहीं समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू कर उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जो मुख्यमंत्री धामी के साहसिक और दूरदर्शी नेतृत्व का परिचायक है। धर्मांतरण विरोधी कानून को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कानून के राज को मजबूत करने के लिए भी सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है।
महापौर ने कहा कि धामी सरकार ने धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं में व्यापक सुधार, पर्यटन सुविधाओं का विस्तार तथा प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इससे पर्यटन उद्योग को नई गति मिली है और स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए आयोजित निवेश सम्मेलन के माध्यम से उद्योगों को आकर्षित किया गया है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के युवाओं के लिए अधिक से अधिक रोजगार के अवसर सृजित करना और उत्तराखंड को औद्योगिक विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और शहरी विकास से जुड़ी अनेक परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया गया है। दीपक बाली ने कहा कि काशीपुर जैसे औद्योगिक एवं व्यापारिक नगर को भी इस विकास यात्रा का लाभ मिला है। नगर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, सड़क नेटवर्क, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य विकास कार्यों को गति मिली है। राज्य सरकार के सहयोग से स्थानीय विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने स्वीकार किया कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के सामने पलायन, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, आपदा प्रबंधन तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने जैसी चुनौतियां आज भी मौजूद हैं। हालांकि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार इन सभी चुनौतियों का प्रभावी समाधान करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। महापौर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने अपने कार्यकाल में यह सिद्ध किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, पारदर्शी प्रशासन और जनता के प्रति जवाबदेही के साथ विकास की नई इबारत लिखी जा सकती है। उन्होंने उत्तराखंड की सांस्कृतिक अस्मिता, युवाओं के भविष्य और विकास की संभावनाओं को साथ लेकर आगे बढ़ने का सफल प्रयास किया है।