हरेला पर हरित संकल्प: सेवा संकल्प फाउंडेशन ने चलाया वृक्षारोपण एवं पौध वितरण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


खटीमा, 20 जुलाई 2026 (सू०वि०)। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर खटीमा के दयूरी स्थित दरियानाथ सिद्ध बाबा मंदिर परिसर में सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा ट्रस्टी श्रीमती गीता पुष्कर धामी के निर्देशन में भव्य वृक्षारोपण एवं निःशुल्क पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, अधिक से अधिक लोगों को हरित अभियान से जोड़ना तथा वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप देना रहा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा सैकड़ों लोगों को निःशुल्क पौधे वितरित किए गए। सभी उपस्थित लोगों ने यह संकल्प भी लिया कि वे केवल पौधे ही नहीं लगाएंगे, बल्कि उनके पूर्ण विकसित होने तक उनकी नियमित देखभाल भी करेंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रीता कफलिया ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व हमें प्रकृति के साथ अपने रिश्ते को मजबूत करने का संदेश देता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने सेवा संकल्प फाउंडेशन एवं इसकी ट्रस्टी श्रीमती गीता पुष्कर धामी की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। ग्राम प्रधान भागीरथ सिंह राणा ने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन प्रदेशभर में समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और जरूरतमंदों के कल्याण के क्षेत्र में निरंतर सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने की यह पहल समय की आवश्यकता है और हरेला पर्व पर आयोजित यह कार्यक्रम प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रभावी संदेश देता है।
कार्यक्रम में फाउंडेशन की ट्रस्टी श्रीमती गीता पुष्कर धामी के सेवा, समाज कल्याण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित प्रयासों की भी सराहना की गई। उनके मार्गदर्शन में फाउंडेशन समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लगातार संचालन कर रहा है। उत्तराखंड प्रकृति की अमूल्य धरोहर है। यहां के घने वन, निर्मल नदियाँ, हिमालयी पर्वत और समृद्ध जैव विविधता हमारी पहचान हैं। ऐसे में हरेला जैसे लोकपर्व केवल परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण का संदेश देने वाले जन-अभियान हैं। वृक्षारोपण के साथ-साथ लगाए गए पौधों का संरक्षण ही पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने हर वर्ष अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अमर सिंह राणा, निशान सिंह, अध्यक्ष क्रय-विक्रय समिति हरिकृष्ण राणा, जिला महामंत्री युवा मोर्चा शशांक वर्मा, जिला मंत्री अनुसूचित मोर्चा चरण सिंह राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर मुंडेला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।