काशीपुर जिलाध्यक्ष अलका पाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय पर किया धरना-प्रदर्शन, NEET परीक्षा और छात्र मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा

काशीपुर। दिल्ली में छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी और कथित अभद्रता के विरोध में बुधवार को काशीपुर महानगर कांग्रेस कमेटी ने जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अलका पाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उप जिलाधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री से छात्रों से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने की मांग की तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि NEET परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि देश का युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित है, लेकिन केंद्र सरकार उनकी आवाज़ सुनने के बजाय उसे दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि संसद मार्च के दौरान छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार और कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज जोशी, विमल गुड़िया, डॉ. दीपिका अत्रे, संदीप सहगल, ब्रह्मपाल, एडवोकेट इंदर सिंह, जितेंद्र सरस्वती, उमेश जोशी और प्रदीप जोशी ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों के हितों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी।