काशीपुर के अल्ली खां चौक पर पहली बार लहराएगा 135 फीट ऊंचा तिरंगा, 15 अगस्त को बनेगा ऐतिहासिक पल

उधम सिंह नगर काशीपुर। नगर के अल्ली खां चौक में इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इतिहास रचा जाएगा। पहली बार यहां लगभग 135 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) को स्थापित किया गया है, जो 15 अगस्त 2026 को पूरे शान और सम्मान के साथ लहराएगा। लाखों रुपये की लागत से तैयार यह भव्य तिरंगा क्षेत्र की नई पहचान बनने जा रहा है। 15 अगस्त को अल्ली खां चौक को दुल्हन की तरह आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल रहेगा और तिरंगा फहराने के ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आजादी के बाद पहली बार अल्ली खां चौक पर इतने विशाल राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना हुई है। यह केवल एक तिरंगा नहीं, बल्कि क्षेत्र के गौरव, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का प्रतीक है। इस ऐतिहासिक पहल से अल्ली खां के लोगों में विशेष उत्साह और गर्व का माहौल है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह तिरंगा आने वाली पीढ़ियों को भी राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। 15 अगस्त का दिन अल्ली खां के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज होने जा रहा है, जब पूरा चौक तिरंगे की शान में रंगा नजर आएगा और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठेगा।