काशीपुर। शनिवार का दिन भगवान शनिदेव की आराधना और श्रद्धा का दिन माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु भगवान शनिदेव की पूजा-अर्चना करने के साथ-साथ पीपल के वृक्ष की पूजा भी करते हैं। भारतीय सनातन परंपरा में प्रकृति और वृक्षों का विशेष महत्व रहा है। केले, पीपल, बरगद सहित अनेक वृक्षों को पूजनीय मानकर उनके संरक्षण का संदेश दिया गया है।
विधार्थी भैया ने कहा कि आज के समय में जिस तरह विभिन्न प्रकार की बीमारियां और पर्यावरण संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं, उसके पीछे कहीं न कहीं प्रकृति से बढ़ती दूरी भी एक महत्वपूर्ण कारण है। पुराने समय में लोग प्रकृति पर अधिक आश्रित रहते थे। घरों और मोहल्लों के आसपास बाग-बगीचे लगाए जाते थे तथा पेड़-पौधों का संरक्षण परिवार और समाज की जिम्मेदारी माना जाता था। उन्होंने काशीपुर के पुराने स्वरूप का उल्लेख करते हुए कहा कि लक्की कॉर्नर, गूल के बाद के क्षेत्र तथा वर्तमान नगर निगम परिसर के आसपास पहले बाग-बगीचे हुआ करते थे। उनका कहना है कि जिस स्थान पर आज नगर निगम परिसर स्थित है, वह ऐतिहासिक रूप से चौबे राजकुमार जी के बाग के रूप में जाना जाता था। विधार्थी भैया ने नगर निगम के महापौर से अनुरोध किया है कि नगर निगम परिसर में चौबे राजकुमार जी की प्रतिमा स्थापित की जानी चाहिए, ताकि काशीपुर के नागरिकों और आने वाली पीढ़ियों को शहर के इतिहास एवं गौरवशाली विरासत की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि काशीपुर के इतिहास में चौबे राजकुमार जी का महत्वपूर्ण स्थान रहा है और उन्हें सम्मान देना शहर की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने यह भी बताया कि काशीपुर के प्रथम चेयरमैन के रूप में पंडित राजकुमार चतुर्वेदी जी का नाम भी उल्लेखनीय रहा है।
उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्रकृति संरक्षण को भी अपनी जिम्मेदारी समझें। अधिक से अधिक पेड़ लगाएं, पुराने वृक्षों को बचाएं और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण तैयार करें।
आज का पंचांग: आज श्रावण शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि रात्रि 1:46 बजे तक रहेगी। संवत् 2083। सूर्य उदय प्रातः 5:37 बजे तथा सूर्यास्त सायं 6:23 बजे।
रमन पंचांग वार्षिक के सौजन्य से। 🙏 शनिदेव महाराज की कृपा सभी पर बनी रहे। प्रकृति सुरक्षित रहे और काशीपुर की ऐतिहासिक विरासत संरक्षित रहे—इसी मंगलकामना के साथ।
विधार्थी भैया
काशीपुर महानगर, जनपद ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
