सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविरों में 1260 मरीजों को मिला उपचार


रुद्रपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद ऊधमसिंह नगर में ग्रामीण क्षेत्रों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार, 1 अक्टूबर को विभिन्न स्थानों पर विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों में कुल 1260 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। सीएचसी किच्छा, पीएचसी रायपुर (जसपुर) तथा खटीमा के प्राथमिक पाठशाला छिनकी में आयोजित शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया। शिविरों में 279 मरीजों की फिजिशियन जांच, 115 बाल रोग, 142 अस्थि रोग, 114 स्त्री रोग, 142 नेत्र रोग, 133 नाक-कान-गला तथा 28 मनोरोग से संबंधित मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अलावा सर्जरी के लिए 36 मरीजों को चिन्हित किया गया।
स्वास्थ्य शिविरों में 257 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 55 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच तथा 32 एमसीपी कार्ड वितरित किए गए। वहीं 60 लाभार्थियों का टीकाकरण, 47 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 75 लोगों की एक्स-रे जांच की गई। अभियान के दौरान 3 निःक्षय मित्र भी बनाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के नजदीक ही विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आमजन और जरूरतमंद लोगों को आसानी से बेहतर चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि शनिवार को रामलीला मैदान, सितारगंज में बहुउद्देशीय शिविर, उप जिला चिकित्सालय बाजपुर तथा मदरसा मझराशिला, गदरपुर में विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे।