काशीपुर। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के प्रदेश मुख्य संरक्षक एवं हिन्द मजदूर सभा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष श्री वेद प्रकाश विद्यार्थी (भैया) ने अपने निवास ‘रमन सदन’, श्री बांके बिहारी मंदिर गली, रहमखानी स्ट्रीट, हलवाई लेन, काशीपुर में योगाभ्यास कर योग दिवस मनाया। श्री वेद प्रकाश विद्यार्थी ने बताया कि पिछले 11 वर्षों से वह लगातार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सार्वजनिक कार्यक्रमों में श्रीरामलीला मैदान एवं पंत पार्क में सहभागिता करते रहे हैं। लेकिन इस वर्ष उनकी धर्मपत्नी स्वर्गीय श्रीमती सुषमा विद्यार्थी के निधन के कारण उनका मन सार्वजनिक कार्यक्रम में जाने का नहीं हुआ। इसी वजह से उन्होंने अपने निवास पर ही योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि पत्नी के निधन के बाद अब वह बहुत कम सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल हो पाते हैं। योग दिवस के अवसर पर श्री विद्यार्थी ने सभी देशवासियों एवं क्षेत्रवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है। नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सकारात्मक और अनुशासित जीवन जीने की जीवनशैली है। योग दिवस पर उन्होंने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि एवं दीर्घायु की कामना की।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
