Headlines

काशीपुर में भाजपा को झटका, दो दर्जन युवाओं ने थामा कांग्रेस का हाथ


काशीपुर। विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस ने भाजपा को राजनीतिक झटका देते हुए लगभग दो दर्जन युवाओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल के नेतृत्व में सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार के साथ युवाओं ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। इस अवसर पर अलका पाल ने कहा कि भर्ती घोटालों, रोजगार के सीमित अवसरों, नीट परीक्षा में पेपर लीक जैसी घटनाओं और बंद पड़े उद्योगों के कारण प्रदेश का युवा भाजपा सरकार की नीतियों से निराश है। उन्होंने दावा किया कि युवा वर्ग अब कांग्रेस और राहुल गांधी की नीतियों से उम्मीद लगाए हुए है तथा आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को जवाब देने का मन बना चुका है। अलका पाल ने प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, खनन माफिया और जनसमस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जनता बदलाव का संकल्प ले चुकी है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार युवाओं से किए गए रोजगार संबंधी वादे पूरे करने में विफल रही, जिसके चलते बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। कार्यक्रम में पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन और युवा कांग्रेस नेता अक्षित मिड्ढा भी मौजूद रहे। इस दौरान राजकुमार, आरपी सिंह, मोहम्मद फुरकान, मोहम्मद नसीर हुसैन, दीपक कुमार, जसवंत सिंह, ऋषभ कुमार, अंकुर कुमार, नौबत सिंह, सौरभ कुमार, रोहित सिंह, आनंद पाल, अमित कुमार, सुमित यादव, मनप्रीत सिंह, रवि सिंह, हरकेश सिंह, देवेंद्र कुमार, अजय कुमार, ओमवीर सिंह, तेजपाल सिंह, सोमपाल सिंह और हरदेव सागर सहित करीब दो दर्जन युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण कराने के बाद महानगर जिला अध्यक्ष अलका पाल ने सभी नए सदस्यों का कांग्रेस का पटका पहनाकर स्वागत किया।