साइबर अपराध से बचाव को लेकर काशीपुर पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान


काशीपुर। साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए आमजन को साइबर ठगी से बचाने के उद्देश्य से कोतवाली काशीपुर पुलिस द्वारा साइबर अपराध जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस कर्मियों ने लोगों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों और उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। पुलिस ने आमजन को जागरूक करते हुए बताया कि साइबर ठग फोन कॉल, फर्जी लिंक, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, बैंक खाते से संबंधित जानकारी तथा अन्य ऑनलाइन माध्यमों का सहारा लेकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी या मोबाइल पर प्राप्त सत्यापन कोड साझा न करें।
पुलिस ने यह भी बताया कि अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध एप डाउनलोड करने अथवा सोशल मीडिया पर प्राप्त संदिग्ध संदेशों का जवाब देने से बचें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तत्काल संबंधित बैंक को सूचना देने के साथ साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं तथा आवश्यकतानुसार 112 पर भी संपर्क करें। काशीपुर पुलिस ने आमजन से अपील की कि स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें। पुलिस ने कहा कि सतर्कता और जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।