गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर डीएम ने अर्पित किए श्रद्धासुमन


डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने कहा- महापुरुषों के विचारों को जीवन में अपनाएं, सत्य और ईमानदारी के साथ करें कर्म
रुद्रपुर, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती जनपद ऊधमसिंह नगर में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र का अनावरण कर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित अन्य भजनों का गायन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि महापुरुषों के जीवन और विचारों से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए तथा उनके दिखाए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी सत्य और अहिंसा के अपने विचारों एवं व्यवहार से आज भी पूरे विश्व के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री के विचार और आदर्श देश के लिए सदैव अनुकरणीय रहेंगे। डीएम ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को हमेशा सत्य के साथ खड़े रहना चाहिए और अपने मन एवं वाणी को सकारात्मक रखना चाहिए। महात्मा गांधी ने देश में अनेकता में एकता की भावना को मजबूत करने के साथ ही सामाजिक कुरीतियों के निराकरण और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का अभूतपूर्व प्रयास किया।उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्म पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करने चाहिए, क्योंकि कर्म ही पूजा है। समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। तभी समाज का समग्र एवं संतुलित विकास संभव है। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारों के अनुरूप हमें अपनी कथनी और करनी में एकरूपता लाने का प्रयास करना चाहिए।लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि उनके द्वारा दिया गया ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश की सुरक्षा और समग्र विकास की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जब देश का युवा आगे बढ़ेगा और किसान खुशहाल होंगे, तभी देश विकास की नई गाथा लिख सकेगा। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अपर उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, ओसी हिमांशु क़फ़्लटिया, तहसीलदार दिनेश कुटौला सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।