Headlines

त्योहारों को लेकर अलर्ट हुई काशीपुर पुलिस, ज्वैलर्स की दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था परखी

पैदल गश्त कर सीसीटीवी कैमरों और अलार्म सिस्टम का किया निरीक्षण, व्यापारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश काशीपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए काशीपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक काशीपुर के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी काशीपुर एवं कोतवाली पुलिस टीम ने शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान विशेष रूप से ज्वैलर्स की दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस टीम ने आभूषणों की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों और अलार्म सिस्टम की जांच की। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम बनाए रखने, दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों को सुचारु रूप से संचालित रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी संदिग्ध परिस्थिति या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई। त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस की इस सक्रियता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पैदल गश्त के माध्यम से पुलिस ने आमजन और व्यापारियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ ही अपराधों की रोकथाम के लिए सतर्क रहने का संदेश भी दिया। काशीपुर पुलिस ने दिया सुरक्षा का भरोसा
काशीपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। आमजन और व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।