Headlines

रुद्रपुर भूमि अतिक्रमण, धर्मांतरण और महिला अपराध पर सरकार सख्त, कानून व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम नितिन सिंह भदौरिया

रुद्रपुर, 01 जून 2026। सरकार भूमि अतिक्रमण, धर्मांतरण तथा महिला अपराध जैसे संवेदनशील मामलों को लेकर बेहद गंभीर है। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी और कड़ाई के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। यह बात जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
जिलाधिकारी ने कहा कि अपराधी प्रवृत्ति के लोगों में कानून का भय पैदा होना चाहिए ताकि आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण मिल सके। उन्होंने उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को नियमित रूप से न्यायालय संचालित कर लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण करने तथा पुराने मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही बकायेदारों से सख्ती से राजस्व वसूली सुनिश्चित करने और प्रत्येक तहसील में 10 बड़े बकायेदारों की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने को कहा।
कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को अपराध नियंत्रण के लिए और अधिक सक्रियता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में होने वाली सभी गतिविधियों पर प्रशासन और पुलिस की पैनी नजर बनी रहनी चाहिए। न्यायालयों में अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस और अभियोजन विभाग की किसी भी कमी के कारण कोई अपराधी दोषमुक्त नहीं होना चाहिए।
डीएम ने पॉक्सो मामलों की विवेचना में आई कमियों की चेकलिस्ट तैयार कर अन्य मामलों में उसका पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को मजिस्ट्रियल जांच समयबद्ध ढंग से पूरी करने तथा पुलिस और अभियोजन विभाग को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी। किसी भी प्रकार की समस्या के त्वरित समाधान के लिए साझा व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से संवाद बनाए रखने को कहा।
बैठक में आबकारी अधिकारी को कच्ची शराब और अवैध मदिरा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए नियमित छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन, सीएम जन समर्पण पोर्टल, आयोगों के संदर्भ, रिट याचिकाएं, ऑडिट आपत्तियां एवं पेंशन प्रकरणों से संबंधित आख्या समय सीमा के भीतर भेजने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन और जन समर्पण पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से संवाद भी स्थापित किया जाए। उन्होंने एआरटीओ को ओवरलोड वाहनों और राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन में अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी को खाद्य पदार्थों की नियमित सैंपलिंग करने तथा खाद्य विक्रेताओं एवं आम जनता को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया, ताकि लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र चौधरी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, ऋचा सिंह, तुषार सैनी, गौरव पाण्डेय, संयुक्त निदेशक अभियोजन डीएस जंगपांगी, डीजीसी मनोज कुमार तिवारी, एआरटीओ मोहित कोठारी, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चन्द्र तिवारी, अभिहित अधिकारी एलएम पाण्डे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।
SEO Keywords: रुद्रपुर समाचार, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, कानून व्यवस्था, भूमि अतिक्रमण, धर्मांतरण, महिला अपराध, राजस्व वसूली, सीएम हेल्पलाइन, उत्तराखंड समाचार, जिला प्रशासन रुद्रपुर।