पंतनगर एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

रुद्रपुर, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में जिला सभागार में पंतनगर एयरपोर्ट की एरोड्रम समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में एयरपोर्ट की सुरक्षा, विस्तार कार्यों और परिचालन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
पंतनगर एयरपोर्ट के निदेशक पवन कुमार ने एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से बड़े पेड़ों की कटाई-छंटाई तथा झाड़ियों की सफाई की आवश्यकता बताई। इस पर जिलाधिकारी ने एयरपोर्ट और वन विभाग को संयुक्त टीम बनाकर चिन्हित पेड़ों एवं झाड़ियों की कटाई-छंटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एयरपोर्ट पर यात्रियों और उड़ान संचालन में बढ़ोतरी को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती तथा हवाई क्षेत्र में गश्त के लिए पेट्रोलिंग वाहन उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को इस संबंध में पुलिस मुख्यालय को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में एयरपोर्ट परिसर में जंगली जानवरों की आवाजाही से संभावित दुर्घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई। जिलाधिकारी ने वन विभाग और एयरपोर्ट प्रशासन को नियमित हाका अभियान चलाकर जंगली जानवरों को दूर रखने के निर्देश दिए। एयरपोर्ट निदेशक ने एयरपोर्ट के आसपास संचालित हो रही अनाधिकृत मांस की दुकानों से चील-कौओं की बढ़ती गतिविधियों के कारण विमान सुरक्षा पर खतरा होने की जानकारी दी। इस पर जिलाधिकारी ने पुलिस और प्रशासन को लगातार चेकिंग अभियान चलाकर ऐसी दुकानों को हटाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिलाधिकारी ने पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना की जद में आने वाले अतिक्रमणों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने और आवश्यक कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एयरपोर्ट प्रशासन और एनएचएआई को विस्तार कार्य एवं आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, एनएचएआई एवं एयरपोर्ट प्रशासन के अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।