Headlines

काशीपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 115 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, तीन मामलों में मुकदमा दर्ज

काशीपुर, 20 जून 2026। माननीय आबकारी आयुक्त के निर्देश पर ऊधम सिंह नगर जनपद में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम कलियावाला और गढ़ी हुसैन में संयुक्त छापेमारी कर कुल 115 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इस दौरान दो नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊं मंडल हल्द्वानी के.के. काण्डपाल एवं जिला आबकारी अधिकारी ऊधम सिंह नगर महेंद्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में जनपदीय प्रवर्तन दल, आबकारी क्षेत्र-04 बाजपुर तथा क्षेत्र-03 काशीपुर की संयुक्त टीम ने अवैध शराब बिक्री की शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान ग्राम कलियावाला में कुलदीप सिंह पुत्र सुरेंद्र सिंह के घर की तलाशी में 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। मामले में कुलदीप सिंह के भाई संदीप पुत्र सुरेंद्र सिंह के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसी गांव में एक अन्य मकान से 50 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद होने पर पिंकी कौर पत्नी रोहित सिंह के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 60 के अंतर्गत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं ग्राम गढ़ी हुसैन में तलाशी अभियान के दौरान 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई में आबकारी निरीक्षक महेंद्र सिंह बिष्ट (क्षेत्र-04 बाजपुर), धर्मेंद्र सिंह (क्षेत्र-03 काशीपुर), प्रधान आबकारी सिपाही कैलाश भट्ट, आबकारी सिपाही सुमन आर्या, नैनिका राणा तथा जनपदीय प्रवर्तन दल के अन्य कर्मचारी शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।