
काशीपुर | 25 जुलाई 2026
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश तथा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर शनिवार को काशीपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने NEET एवं CBSE परीक्षाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों, छात्रों के साथ हुए कथित अन्याय तथा विभिन्न राज्यों में विपक्ष एवं छात्र आंदोलनों पर की गई दमनात्मक कार्रवाई के विरोध में विशाल विजय रैली निकाली।
रैली का शुभारंभ महाराणा प्रताप चौक से हुआ, जो शहर के मुख्य बाजारों से होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, छात्रों को न्याय और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। रैली के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से शहर का माहौल राजनीतिक रंग में रंगा नजर आया।
रैली का नेतृत्व महानगर जिला कांग्रेस कमेटी, काशीपुर की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों, युवाओं और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से छात्रों के अधिकारों की लड़ाई आगे भी लड़ती रहेगी और युवाओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।
रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, पार्षदों, अनुसांगिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर आईसीसी एवं प्रदेश महासचिव अनुपम शर्मा, पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, मनोज जोशी, विमल गुड़िया, हरीश कुमार सिंह, जितेंद्र सरस्वती, उमेश जोशी, प्रदीप जोशी, ब्रह्मपाल, सुभाष पाल, पार्षद सरफराज, शाह आलम, मोहम्मद आरिफ, सलीम सैफी, परम सिद्धू, संदीप सहगल, रोशनी बेगम, मीणा आर्य, टिक सिंह सैनी, अनिल शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
