पीडी हिमांशु जोशी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध तैयारियों के निर्देश, अधिक से अधिक खिलाड़ियों के पंजीकरण और निष्पक्ष प्रतियोगिताओं पर जोर


रुद्रपुर | 29 जुलाई 2026
जनपद ऊधम सिंह नगर में आगामी 1 सितंबर से आयोजित होने वाले खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। प्रतियोगिताओं के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार को विकास भवन सभागार में परियोजना निदेशक (डीआरडीए) हिमांशु जोशी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खेलों के आयोजन, खिलाड़ियों के पंजीकरण, खेल मैदानों की तैयारियों, चिकित्सा सुविधाओं और व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।
बैठक में परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी ने न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर गठित खेल समितियों के संयोजकों को शीघ्र बैठक आयोजित कर खेल मैदानों का चयन करने तथा तिथिवार रोस्टर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी खेल मैदानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं ताकि प्रतियोगिताओं का संचालन बिना किसी व्यवधान के किया जा सके।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक खेल स्थल पर तिथिवार चिकित्सा टीम एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही प्रतियोगिताओं में पर्याप्त तकनीकी स्टाफ और निर्णायकों की तैनाती कर पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया।
पीडी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक स्तर की प्रतियोगिता में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाए तथा मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी प्रार्थना सभाओं, पोस्टर, बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से खेल महाकुंभ का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, जिससे अधिक से अधिक बच्चे विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में भाग ले सकें।