देश-विदेश के नामी डिजाइनर्स एक ही छत के नीचे, तीज-रक्षाबंधन स्पेशल कलेक्शन रहेगा मुख्य आकर्षण “काशीपुर बेहद शानदार शहर है, यहां आकर बेहद खुशी हुई” – रोमा अरोरा
काशीपुर। काशीपुर के फैशन और लाइफस्टाइल जगत में पहली बार एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। शहर की प्रथम महिला एवं समाजसेविका श्रीमती उर्वशी दत्त बाली की पहल पर 5 और 6 अगस्त को होटल अनन्या रीजेंसी में दो दिवसीय ग्रैंड फैशन एंड लाइफस्टाइल एग्जीबिशन का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में देश-विदेश के प्रतिष्ठित डिजाइनर, फैशन ब्रांड और लाइफस्टाइल उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे, जिससे काशीपुरवासियों को महानगरों जैसी प्रीमियम शॉपिंग का अनुभव अपने ही शहर में मिलेगा। होटल अनन्या रीजेंसी में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्रीमती उर्वशी दत्त बाली ने बताया कि पिछले एक महीने से इस आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के चलते शहर में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि काशीपुर को फैशन और लाइफस्टाइल के राष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब लोगों को नवीनतम फैशन ट्रेंड्स और डिजाइनर कलेक्शन खरीदने के लिए दिल्ली, मुंबई या अन्य महानगरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में दुबई और थाईलैंड सहित कई अंतरराष्ट्रीय फैशन हब्स के डिजाइनर्स भाग लेंगे। इसके अलावा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, अमृतसर, मेरठ, लुधियाना, बेंगलुरु, हैदराबाद और मुजफ्फरनगर के प्रसिद्ध डिजाइनर एवं ब्रांड अपने विशेष कलेक्शन प्रस्तुत करेंगे। अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स में फालगुन सखा (दुबई), कारी (थाईलैंड) और वाची (थाईलैंड) प्रमुख रहेंगे। वहीं राष्ट्रीय स्तर पर तनछुई, डिजाइन डेकोर, फैशन मंत्रा, पल्लवी एंड पीयूष, जस, गुरु नानक क्रिएशन, मोजड़ी बाय रंजीत, इकारा, चिकनवेदा, हर्षित बेरी और ज्वेलशाला जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड अपनी विशेष प्रस्तुतियां देंगे।
रक्षाबंधन और तीज जैसे पर्वों को ध्यान में रखते हुए प्रदर्शनी में विशेष ‘तीज एवं रक्षाबंधन स्पेशल कलेक्शन’ आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां डिजाइनर सूट, बनारसी एवं कांजीवरम साड़ियां, लहंगे, इंडो-वेस्टर्न ड्रेसेस, लखनवी चिकनकारी, एम्ब्रॉयडरी परिधान, फैशन ज्वेलरी, प्योर सिल्वर ज्वेलरी, डिजाइनर राखियां, पारंपरिक मोजड़ी, पोटली बैग, इंटरनेशनल मेकअप प्रोडक्ट्स, प्रीमियम होम डेकोर, पेंटिंग्स, गिफ्ट आइटम्स और होम स्टाइलिंग से जुड़े अनेक आकर्षक उत्पाद उपलब्ध रहेंगे। प्रदर्शनी में महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व को सम्मान देने के उद्देश्य से 10 विशेष अवॉर्ड कैटेगरी भी रखी गई हैं। इनमें बेस्ट मॉम, बेस्ट स्माइल, बेस्ट आउटफिट, बेस्ट स्टाइल आइकन, मोस्ट ग्रेसफुल लेडी, मोस्ट कॉन्फिडेंट लेडी, बेस्ट एथनिक लुक, मोस्ट फोटोजेनिक, क्वीन ऑफ एलीगेंस और पीपुल्स चॉइस अवॉर्ड शामिल हैं। प्रेस वार्ता में प्रदर्शनी की आयोजक श्रीमती रोमा अरोरा ने बताया कि वे देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी इस प्रकार की फैशन एग्जीबिशन आयोजित करती हैं। उनका उद्देश्य नई पीढ़ी को फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ाना और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि उनके साथ कई युवा डिजाइनर और बच्चे भी जुड़े हैं, जो भविष्य में फैशन इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाएंगे। रोमा अरोरा ने काशीपुर की सराहना करते हुए कहा, “काशीपुर बहुत शानदार शहर है। यहां इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मेरी छोटी बहन उर्वशी दत्त बाली और महापौर दीपक बाली का विशेष सहयोग मिला है। इस प्रदर्शनी में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े डिजाइनर भी भाग ले रहे हैं। मैं काशीपुर की माताओं, बहनों, युवाओं और बच्चों से आग्रह करती हूं कि वे इस दो दिवसीय प्रदर्शनी में अवश्य आएं और इसका भरपूर लाभ उठाएं।” इस अवसर पर उनकी पुत्री एवं सेलिब्रिटी तवीशा भी मौजूद रहीं।
अंत में श्रीमती उर्वशी दत्त बाली ने समस्त काशीपुरवासियों से अपील की कि वे अपने परिवार एवं मित्रों के साथ 5 और 6 अगस्त को होटल अनन्या रीजेंसी पहुंचकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें और प्रीमियम फैशन एवं लाइफस्टाइल की नई दुनिया का अनुभव करें।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
