काशीपुर। मोहल्ला अल्ली खां के लोगों के लिए आने वाला समय नई उम्मीदों और सकारात्मक बदलाव का संदेश लेकर आता दिखाई दे रहा है। क्षेत्र में बीते समय में सामने आई विभिन्न समस्याओं के बीच अब जरूरत है कि सभी लोग मिलकर अपने मोहल्ले को सुरक्षित, शिक्षित और नशामुक्त बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं। क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि नशे की लत से स्वयं भी दूर रहें और अपने बच्चों को भी नशे के दुष्प्रभावों से बचाएं। यदि कोई व्यक्ति क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री करता है या युवाओं को नशे की ओर धकेल रहा है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जानी चाहिए, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सके। साथ ही नशे का सेवन करने वाले लोगों के संबंध में भी परिजनों और क्षेत्रवासियों को जागरूक होकर संबंधित कोतवाली, थाना या स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है। नशे के खिलाफ सामूहिक जागरूकता ही युवाओं और आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य दे सकती है। बच्चों की शिक्षा को बनाएं पहली प्राथमिकता क्षेत्र के बच्चों और युवाओं से विशेष रूप से पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की गई है। शिक्षा ही वह माध्यम है जिसके जरिए बच्चे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। अभिभावकों को भी चाहिए कि वे बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और उन्हें सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराएं। अच्छी शिक्षा प्राप्त करने वाले बच्चे आगे चलकर अपने परिवार, समाज और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं। इसलिए मोहल्ले के प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी है कि वह अपने बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करे और उन्हें नशे तथा अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखे। समस्याओं के समाधान के लिए जागरूक रहनुमा का चुनाव जरूरी क्षेत्रवासियों से यह भी अपील की गई कि वे ऐसा जनप्रतिनिधि अथवा रहनुमा चुनें, जो केवल चुनाव के समय नहीं बल्कि हर परिस्थिति में जनता के बीच मौजूद रहे और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी ढंग से आवाज उठाए।अल्ली खां क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं, युवाओं के भविष्य, शिक्षा, सुरक्षा और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से निपटने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है। जब क्षेत्र के लोग जागरूक होकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का सहयोग करेंगे, तभी मोहल्ले में स्थायी सकारात्मक बदलाव संभव होगा। अल्ली खां क्षेत्र के लिए संदेश साफ है—बुरे दौर को पीछे छोड़कर बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का समय है। नशे से दूरी, बच्चों की बेहतर शिक्षा, अपराध और नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज तथा ईमानदार और जनसमस्याओं को समझने वाले नेतृत्व का चयन ही क्षेत्र को मजबूत और सुरक्षित बना सकता है। आइए, मिलकर ऐसा माहौल बनाएं जहां बच्चे सुरक्षित रहें, युवा नशे से दूर रहें और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाएं।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
