मां बाल सुंदरी मंदिर और मोटेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित भंडारों में हजारों शिव भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद काशीपुर। सावन के पावन माह में काशीपुर पूरी तरह शिवमय नजर आ रहा है। इसी क्रम में मां बाल सुंदरी मंदिर एवं मोटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित दो अलग-अलग विशाल भंडारों में महापौर दीपक बाली ने पहुंचकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और शिव भक्तों की सेवा की। मां बाल सुंदरी मंदिर में पूर्व ग्राम प्रधान एवं अधिवक्ता आनंद कुमार तथा पार्षद अनिल कुमार द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं मोटेश्वर महादेव मंदिर में पार्षद शिवांश गोले एवं उनके पिता तथा नगर पालिका के पूर्व वाइस चेयरमैन कैलाश चंद्र प्रजापति एडवोकेट की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। महापौर दीपक बाली ने दोनों भंडारों में पहुंचकर सबसे पहले भगवान मोटेश्वर महादेव के शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने भंडारे में पहुंचे शिव भक्तों के बीच जाकर स्वयं प्रसाद वितरित किया। महापौर का सहज एवं आत्मीय अंदाज उस समय देखने को मिला, जब उन्होंने शिव भक्तों के बीच जमीन पर बैठकर उन्हीं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने भंडारा आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा और उन्हें भोजन कराना सनातन संस्कृति की महान परंपरा है।
बताया गया कि भू-व्यवसायी स्वर्गीय बाबूराम जी द्वारा प्रत्येक वर्ष शिव भक्तों की सेवा के लिए भंडारे का आयोजन कराया जाता था। उनकी इस सेवा परंपरा को उनके पुत्र पूर्व ग्राम प्रधान एवं अधिवक्ता आनंद कुमार तथा पार्षद अनिल कुमार आगे बढ़ा रहे हैं। इसी क्रम में मां बाल सुंदरी मंदिर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसी प्रकार मोटेश्वर महादेव मंदिर में पार्षद शिवांश गोले एवं उनके पिता कैलाश चंद्र प्रजापति एडवोकेट द्वारा आयोजित भंडारे में भी बड़ी संख्या में शिव भक्त पहुंचे और प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने दोनों भंडारा आयोजकों सहित वहां उपस्थित हजारों शिव भक्तों को शुभकामनाएं दीं और सभी के सुखी, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन की कामना की। महापौर ने कहा कि सनातन संस्कृति में सावन के पावन महीने का विशेष महत्व है। सावन में भगवान शिव की आराधना के लिए देशभर से श्रद्धालु देवभूमि उत्तराखंड पहुंचते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे शिव भक्तों की जगह-जगह सेवा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल मार्गदर्शन में कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, ठहरने, सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। शिव भक्तों की सेवा के साथ-साथ उनके स्वागत और सम्मान का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
महापौर ने कहा कि शिव भक्तों की सेवा करना स्वयं भगवान शिव की सेवा के समान है और सावन के इस पवित्र अवसर पर समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सामर्थ्य के अनुसार श्रद्धालुओं की सेवा में योगदान देना चाहिए। भंडारे के दौरान राघवेंद्र नागर, विकास अग्निहोत्री, मनोज अग्निहोत्री, संजय चतुर्वेदी, नीटू चौधरी, डॉ. ज्ञान सिंह सहित सैकड़ों शिव भक्त एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
