काशीपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका पाल ने विगत दिनों हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सभा स्थल के कथित रूप से ‘शुद्धिकरण’ किए जाने के मामले में अब तक पुलिस कार्रवाई न होने पर नाराजगी जताई है। इस संबंध में उन्होंने कोतवाली काशीपुर पहुंचकर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग करते हुए तहरीर सौंपी।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की सभा समाप्त होने के बाद जिस प्रकार की घटना सामने आई, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा असामाजिक तत्वों को संरक्षण दे रही है और इस प्रकार की घटनाएं समाज में भेदभाव एवं असमानता को बढ़ावा देने का प्रयास हैं। अलका पाल ने कहा कि भाजपा और उसके आनुषांगिक संगठन देश में विद्वेष की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि उक्त प्रकरण में शामिल सभी दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ शीघ्र मुकदमा दर्ज किया जाए और कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ऐसे कौन से कारण हैं, जिनके चलते संविधान और सामाजिक सौहार्द का उल्लंघन करने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर संविधान की रक्षा का संकल्प लेने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाते हैं, जबकि दूसरी ओर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली घटनाओं के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उल्टा चोर कोतवाल को डांटे” वाली कहावत भाजपा पर सटीक बैठती प्रतीत होती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ शीघ्र कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
