छात्र-छात्राओं को बाल विवाह, बाल श्रम, पॉक्सो एक्ट और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
काशीपुर। मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशानुसार शनिवार, 05 सितंबर 2026 को पी.जी.बी. पंत इंटर कॉलेज, काशीपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान बाल कल्याण समिति के सदस्य उमेश सिंह एवं जीतेन्द्र, चिकित्सा विभाग तथा बाल विकास विभाग की ओर से श्रीमती चंचल, चाइल्ड हेल्पलाइन की समन्वयक चांदनी रावत एवं केस वर्कर गोविन्द सिंह पांगती ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, बाल विवाह, बाल श्रम, पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) तथा बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही बच्चों को गुड टच और बैड टच के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी असहज या संदिग्ध स्थिति में तत्काल भरोसेमंद व्यक्ति अथवा संबंधित हेल्पलाइन से संपर्क करने की जानकारी दी गई।
जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को आपात स्थिति में उपयोग किए जाने वाले महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर भी बताए गए—
- चाइल्ड हेल्पलाइन — 1098
- पुलिस हेल्पलाइन — 112
- साइबर क्राइम हेल्पलाइन — 1930
- महिला हेल्पलाइन — 181
इसके अलावा छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि नशे का स्वास्थ्य, शिक्षा, मानसिक स्थिति और भविष्य पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा इसके रोकथाम के उपायों के प्रति भी जागरूक किया गया।
सुरक्षित, जागरूक और सशक्त बनाना अभियान का उद्देश्य
अभियान का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित, सजग और सशक्त बनाना रहा। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण, बाल विवाह, बाल श्रम, साइबर अपराध अथवा नशे से संबंधित गतिविधि की जानकारी मिलने पर उचित माध्यम से इसकी सूचना दें।
जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित समस्त विद्यालय स्टाफ भी उपस्थित रहा और अभियान को सफल बनाने में सहयोग किया।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
