मातृ मृत्यु की सूचना समय पर नहीं देने पर सीएमओ ने जताई नाराजगी, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की निगरानी के निर्देश
ऊधम सिंह नगर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी की अध्यक्षता में आज जनपद की समस्त चिकित्सा इकाइयों के ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, ब्लॉक लेखा प्रबंधक एवं ब्लॉक कम्युनिटी मोबीलाइजर के साथ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मातृ मृत्यु की सूचना में देरी पर जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान बाजपुर क्षेत्र में मातृ मृत्यु की सूचना समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाने का मामला सामने आया। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित जिम्मेदार कर्मचारी से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
सीएमओ ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मातृ मृत्यु से संबंधित प्रत्येक सूचना निर्धारित समय पर उच्च स्तर तक पहुंचाई जाए।
उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की तैयार हो सूची
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी चिकित्सा इकाइयों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में मौजूद सभी उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (High Risk Pregnant Women) की सूची तैयार की जाए तथा उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी महिलाओं को समय पर आवश्यक जांच, उपचार एवं उचित चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाए, ताकि संभावित जोखिम को कम किया जा सके।
उन्होंने जनपद स्तर से मांगी जाने वाली सभी सूचनाओं को समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग के कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए सही एवं समय पर रिपोर्टिंग बेहद जरूरी है।
आशाओं के कार्यों की भी होगी निगरानी
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि ऐसी आशा कार्यकर्ताओं को चिन्हित किया जाए, जिनके द्वारा गर्भवती महिलाओं को सरकारी चिकित्सालयों के बजाय निजी चिकित्सालयों में अधिक ले जाया जा रहा है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आशा कार्यकर्ताओं के स्तर पर गर्भवती महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और उनके रेफरल की स्थिति की समीक्षा करने को कहा। साथ ही सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के विभिन्न कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जवाबदेही, समयबद्धता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शमीम बानो
संपादक – सच्चाई की किरण (पाक्षिक समाचार पत्र)
पता – काशीपुर
