काशीपुर में गूंजा ‘एक तू सच्चा, तेरा नाम सच्चा’ का संदेश, सतपुरुष बाबा फुलसन्दे वाले महाराज ने बताए उत्तम संतान के गुण


तीन दिवसीय आध्यात्मिक कार्यक्रम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, वेद प्रकाश विद्यार्थी भैया जी ने महाराज जी का किया स्वागत काशीपुर। रामलीला मैदान स्थित प्रेक्षागृह में इन दिनों आध्यात्मिक एवं धार्मिक कार्यक्रम ‘एक तू सच्चा, तेरा नाम सच्चा’ का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय यह कार्यक्रम 8, 9 एवं 10 सितंबर तक चलेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर सतपुरुष बाबा फुलसन्दे वाले महाराज जी के प्रवचन सुन रहे हैं और आध्यात्मिक ज्ञान का लाभ ले रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान सतपुरुष बाबा फुलसन्दे वाले महाराज जी ने माता-पिता के प्रति संतान के कर्तव्य और संस्कारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तम पुत्र वह होता है जो पिता के मन की बात को समझकर बिना कहे ही उचित कार्य कर दे। उन्होंने कहा कि जो संतान माता-पिता के कहने पर कार्य करती है, उसे मध्यम कहा गया है, जबकि माता-पिता की बात को श्रद्धा अथवा तत्परता के बिना करना या देर से करना अधम श्रेणी में आता है। महाराज जी ने श्रद्धालुओं को संदेश दिया कि जीवन में माता-पिता का सम्मान, आज्ञापालन और उनके प्रति श्रद्धा रखना अच्छे संस्कारों की पहचान है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने आचरण और कर्मों से परिवार तथा समाज में संस्कारों की मिसाल कायम करनी चाहिए। वेद प्रकाश विद्यार्थी भैया जी ने किया महाराज जी का स्वागत कार्यक्रम में काशीपुर चीनी मिल के मजदूर नेता एवं हिन्द मजदूर सभा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष श्री वेद प्रकाश विद्यार्थी भैया जी भी पहुंचे। उन्हें काशीपुर चीनी मिल से जुड़े श्री राजीव चौधरी द्वारा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया गया था। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर श्री वेद प्रकाश विद्यार्थी भैया जी ने फूलों की माला पहनाकर सतपुरुष बाबा फुलसन्दे वाले महाराज जी का स्वागत किया। इस अवसर पर महाराज जी ने उन्हें प्रसाद एवं अपनी पत्रिका भेंट की। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में भक्तगण प्रेक्षागृह में पहुंचे और शांतिपूर्वक महाराज जी के आध्यात्मिक विचारों को सुना। काशीपुर के रामलीला मैदान स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित ‘एक तू सच्चा, तेरा नाम सच्चा’ कार्यक्रम में आध्यात्मिक वातावरण बना हुआ है। 8 से 10 सितंबर तक चलने वाले इस आयोजन में सतपुरुष बाबा फुलसन्दे वाले महाराज द्वारा श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार, माता-पिता के सम्मान और सदाचार का संदेश दिया जा रहा है। कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य लोगों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिल रही है।